होली पर समाहरणालय में हर्बल गुलाल स्टॉल का उद्घाटन, 80 ग्रामीण महिलाओं की सहभागिता

सरायकेला, 28 फरवरी : होली पर्व के अवसर पर जिला समाहरणालय परिसर में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने प्राकृतिक उत्पादों से निर्मित हर्बल गुलाल के स्टॉल का उद्घाटन किया। यह स्टॉल खरसावां आजीविका महिला संकुल संगठन के माध्यम से स्थापित किया गया है। जिले के सभी नौ प्रखंडों के 15 संकुल स्तरीय संगठनों से जुड़ी लगभग 80 ग्रामीण महिलाओं ने मिलकर इस हर्बल गुलाल का निर्माण किया है। यह पहल सामूहिक उद्यमिता, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और महिला आजीविका संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने स्टॉल का निरीक्षण कर निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली और महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार रसायनमुक्त एवं प्राकृतिक उत्पाद न केवल जनस्वास्थ्य के लिए सुरक्षित हैं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और आर्थिक सशक्तिकरण में भी सहायक हैं।
बताया गया कि हर्बल गुलाल पूरी तरह प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार है, जिसमें किसी भी प्रकार के रासायनिक तत्वों का उपयोग नहीं किया गया है। यह पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ त्वचा के लिए भी सुरक्षित है। ग्रामीण सखी मंडलों से जुड़ी महिलाओं के लिए यह उत्पाद आय का एक स्थायी स्रोत बनता जा रहा है, जिससे आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण को बल मिल रहा है।



