नगर निकाय चुनाव को लेकर आदित्यपुर, कपाली व सरायकेला में फ्लैग मार्च

सरायकेला, 21 फरवरी : 23 फरवरी 2026 को निर्धारित नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विभिन्न शहरी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।
फ्लैग मार्च आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद तथा सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील इलाकों में पैदल एवं वाहन गश्ती कर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा मतदाताओं में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से यह फ्लैग मार्च किया गया। साथ ही लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



