दिवंगत नाजिर तापस सरकार की आत्मा की शांति हेतु प्रखंड कार्यालय में शोक सभा, कार्य रहे स्थगित

कुकड़ू, 19 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड कार्यालय में दिवंगत नाजिर तापस सरकार की आत्मा की शांति के लिए गुरुवार को शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित सभी कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने तापस सरकार के मिलनसार स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यालय के प्रति उनकी समर्पित सेवा को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके निधन से प्रखंड कार्यालय को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक की इस घड़ी में प्रखंड कार्यालय के समस्त कार्यों को गुरुवार के लिए स्थगित रखा गया।
उपस्थित सभी कर्मियों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।



