हारुडीह हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

हारुडीह हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

चांडिल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

चांडिल, 13 फरवरी : चांडिल के बहुचर्चित हारुडीह हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। विदित हो कि 24 दिसंबर 2025 को चांडिल थाना क्षेत्र के हारुडीह गांव में विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक हारुडीह गांव में आयोजित मुर्गा पाड़ा गया था। मुर्गा पाड़ा से वापस लौटने के क्रम में पूर्व से घात लगाकर बैठे अपराधकर्मियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसकी जानकारी चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा ने दी।

गिरफ्तार अभियुक्तों में शाहिद खान उर्फ शहजादा (27 वर्ष), ताजनगर, कपाली; विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की (24 वर्ष), मानगो तथा राहुल राव (26 वर्ष), मानगो शामिल हैं। इससे पूर्व एक अन्य आरोपी मनीष कुमार ठाकुर (21 वर्ष), तामोलिया, चांडिल को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं कांड में शामिल बंटी सरदार पूर्व के एक मामले में न्यायिक अभिरक्षा में है।

पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापामारी दल में चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा के नेतृत्व में चौका व नीमडीह के थाना प्रभारी एवं कपाली ओपी प्रभारी के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share This Article