पुराने मामले के वांछित आरोपी के घर इश्तिहार चिपकाया गया

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुराने मामले के वांछित आरोपी के घर इश्तिहार चिपकाया गया

चांडिल, 22 फरवरी : चौका थाना पुलिस ने एक पुराने आपराधिक मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी के घर न्यायालय के आदेश पर इश्तिहार चिपकाया। थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि चौका थाना क्षेत्र के सोनालटांड निवासी नीलू दास के पुत्र मंटू दास लंबे समय से एक मामले में फरार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि चौका थाना कांड संख्या 67/12 के अभियुक्त मंटू दास माननीय न्यायालय में विचारण के दौरान उपस्थित नहीं हो रहा था। न्यायालय द्वारा पूर्व में उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, लेकिन लगातार अनुपस्थित रहने के कारण दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत इश्तेहार निर्गत किया गया।

न्यायालय के निर्देश के आलोक में चौका थाना पुलिस ने आरोपी के पैतृक घर पहुंचकर विधिवत इश्तेहार चिपकाया तथा आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इस दौरान पुलिस ने मुनादी भी कराई, जिसमें आरोपी को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट एवं यू.पी.ए. एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में आरोपी न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होता है तो उसके विरुद्ध संपत्ति कुर्की सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल चौका थाना को सूचित करें।

Share This Article