सड़क पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध यातायात पुलिस का अभियान, 32 वाहनों पर जुर्माना

आदित्यपुर, 10 फरवरी : सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को यातायात पुलिस द्वारा सर्विस रोड एवं मुख्य सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान यातायात थाना प्रभारी पुनि राजू कुमार के नेतृत्व में यातायात थाना में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के दौरान आरकेएफएल कंपनी के सामने माल लोड किए हुए वाहनों की लंबी कतारें पाई गईं। इसके अलावा आदित्यपुर टॉल की ओर जाने वाले मार्ग पर शोरूम के सामने तथा आदित्यपुर टॉल मोड़ से कांड्रा की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर भी भारी संख्या में वाहन सड़क पर खड़े मिले, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 32 वाहनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए कुल 1,51,850 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
साथ ही संबंधित कंपनियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़ा कराएं।
यातायात थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी भी कंपनी का माल लोड करने अथवा लोडिंग के लिए आया वाहन सर्विस रोड या मुख्य सड़क पर पार्क किया गया पाया गया, तो संबंधित कंपनी के विरुद्ध यातायात नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



