मुख्यमंत्री अपनी विधायक पत्नी संग दिवंगत रामदास सोरेन के संस्कार भोज में हुए शामिल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मुख्यमंत्री अपनी विधायक पत्नी संग दिवंगत रामदास सोरेन के संस्कार भोज में हुए शामिल

जमशेदपुर, 29 अगस्त : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन संग शुक्रवार स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रहे दिवंगत रामदास सोरेन के “संस्कार भोज” में शामिल होने जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत रामदास सोरेन की धर्मपत्नी सूरजमनी सोरेन, उनके पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और उनका ढांढ़स बंधाया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरुजी के निधन के महज कुछ दिनों के बाद ही रामदास सोरेन जी का भी आकस्मिक निधन हुआ। इन दोनों विभूतियों का परलोक गमन अपूरणीय क्षति है। दाेनों विभूतियों का जाना झारखंड के साथ पार्टी के लिए भी अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से दिवंगत रामदास सोरेन के चाहने वाले एवं उनके सगे-संबंधी यहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इसी क्रम में वे भी अपनी पत्नी के साथ दिवंगत रामदास सोरेन के आवास पर पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु कामना की।

Share This Article