सऊदी अरब दौरे के पहले दिन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कई अहम कार्यक्रमों में लिया भाग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सऊदी अरब दौरे के पहले दिन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कई अहम कार्यक्रमों में लिया भाग

भारत–सऊदी रक्षा सहयोग को नई मजबूती, वर्ल्ड डिफेंस शो 2026 में इंडिया पवेलियन का उद्घाटन

रियाद/नई दिल्ली, 08 फरवरी : भारत–सऊदी अरब के बीच रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने अपने सऊदी अरब दौरे के पहले दिन कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के गवर्नर महामहिम अहमद बिन अब्दुल अजीज अल-ओहाली से मुलाकात कर औद्योगिक तालमेल, रक्षा उत्पादन तथा द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को विस्तार देने पर विस्तृत चर्चा की।

 

बैठक में दोनों देशों के बीच रक्षा क्षेत्र में तकनीकी सहयोग, संयुक्त उत्पादन और भविष्य की साझेदारियों की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। केंद्रीय मंत्री ने भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं और वैश्विक रक्षा उद्योग में बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया। इसी क्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ सऊदी अरब में आयोजित वर्ल्ड डिफेंस शो 2026 के उद्घाटन समारोह में भी शामिल हुए।

 

इस अवसर पर उन्होंने भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को प्रदर्शित करने वाले इंडिया पवेलियन का उद्घाटन कर ऐतिहासिक शुरुआत की।

उद्घाटन के उपरांत उन्होंने भारतीय स्वदेशी रक्षा उपक्रमों और प्रदर्शकों से संवाद किया तथा उन्हें माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों और प्रगति से अवगत कराया। मंत्री ने “मेक इन इंडिया, फॉर द वर्ल्ड” के विजन के तहत अनुसंधान, नवाचार और रक्षा क्षेत्र में भारत की तेज़ी से बढ़ती यात्रा पर भी प्रकाश डाला।

 

केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि भारत–सऊदी अरब के बीच यह रक्षा साझेदारी आने वाले समय में और मजबूत होगी तथा दोनों देशों के लिए सामरिक और औद्योगिक दृष्टि से लाभकारी सिद्ध होगी।

Share This Article