एसएस राणा इंग्लिश अकादमी का वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एसएस राणा इंग्लिश अकादमी का वार्षिक उत्सव धूमधाम से संपन्न

छात्रों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन, शिक्षा के साथ संस्कार पर दिया गया जोर

चांडिल, 04 फरवरी : चांडिल प्रखंड के चावलीबासा, बड़ामटांड स्थित एसएस राणा इंग्लिश अकादमी का वार्षिक उत्सव बुधवार को हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छाेटे-छोटे विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों ने गणेश वंदना और दुर्गा स्तुति पर मनमोहक नृत्य पेश कर खूब तालियां बटोरी।

 

वार्षिक उत्सव कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक सविता महतो रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए वे हर संभव मदद करने को तैयार हैं।

मौके पर विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. जीपी रजवाड ने ग्रामांचल में बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए अकादमी की सराहना किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को ऐसी शिक्षा मिलनी चाहिए जिससे बच्चे शिक्षित बनने के साथ उत्तम चरित्रवान और देश का सजग नागरिक बने। उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास, मंच संचालन और अनुशासन की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में समाजसेवी खगेन महतो, ग्राम प्रधान आनंद मंडल, अधिवक्ता लक्ष्मीकांत महतो, चित्तरंजन सिंह, पंचायत समिति के पूर्व सदस्य गुरुचरण साव, समर भुदंया, अर्जुन मुंडा, कृष्ण किशोर महतो, बैंक ऑफ इंडिया चौका शाखा और झारखंड ग्रामीण बैंक खूंटी शाखा के शाखा प्रबंधक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अकादमी के निदेशक प्रदीप कुमार राणा ने प्रिंसिपल मोनिका गुप्ता, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और तालियों की गूंज के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित थे।

Share This Article