कुश्ती प्रतियोगिता का चयन ट्रायल 3 से गम्हरिया में

सरायकेला, 01 अगस्त : कुश्ती में दिलचस्पी रखने वाले जिले के पहलवान खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। सरायकेला- खरसावां जिला अंडर 23 कुश्ती प्रतियोगिता का चयन ट्रायल 03 अगस्त को होगा। इसकी जानकारी देते हुए सरायकेला खरसावां जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गम्हरिया के टीजीएस कॉलोनी स्थित अरुणोदया क्लब प्रांगण में सुबह 9 बजे से होगा। रविवार को होने वाले चयन ट्रायल में जिन खिलाड़ियों का चयन होगा वे सभी खिलाड़ी झारखंड राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेंगे। अंडर 23 झारखंड राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 10 एवं 11 अगस्त 2025 को बलदेव साहू स्टेडियम, लोहरदगा में आयोजिय किया जाना सुनिश्चित हुआ है। इस कुश्ती प्रतियोगिता में 23 साल तक के सभी पहलवान भाग ले सकते हैं। इसके साथ ही 18 साल के प्रतिभागी मेडिकल सर्टिफिकेट/ पैरेंटल सर्टिफिकेट के साथ भाग ले सकेंगे। उल्लेखनीय है कि सरायकेला-खरसावां जिले के ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी अब कुश्ती में दिलचस्पी दिखाने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के बालक व बालिका कुश्ती के जुड़ कर अपना मुकाम बनाने की जुग में जुटे हुए हैं। बीते सालों में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिले के खिलाड़ियों में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।


