तामझाम से दूर, विश्वास के साथ आगे बढ़ीं सुधा गुप्ता – सामाजिक एकता और संवेदनशील नेतृत्व का संदेश देता मेयर पद के लिए नामांकन

जमशेदपुर, 03 फरवरी : मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए सुधा गुप्ता का नामांकन केवल एक औपचारिक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं रहा, बल्कि यह सादगी, सामाजिक सौहार्द और जनसंवेदनाओं को केंद्र में रखने वाले नेतृत्व का स्पष्ट संदेश बनकर सामने आया। बिना किसी रैली, शोर-शराबे या भीड़ के किए गए इस नामांकन ने मानगो की राजनीति में एक अलग ही मिसाल कायम की।
नामांकन से पहले सुधा गुप्ता ने पारंपरिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप पूजा-अर्चना कर जनकल्याण की कामना की। कदमा स्थित रंकनी मंदिर और मानगो के बड़े हनुमान मंदिर में पूजा कर उन्होंने मानगो की जनता के सुख, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की। यह क्षण उनके सार्वजनिक जीवन में आस्था और कर्तव्य के संतुलन को दर्शाता नजर आया।
नामांकन के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने इस अवसर को और भी खास बना दिया। मुस्लिम, सिख, ब्राह्मण, वैश्य, ईसाई और विश्वकर्मा समाज के गणमान्य लोगों का प्रस्तावक के रूप में उपस्थित होना इस बात का संकेत रहा कि सुधा गुप्ता को समर्थन किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि वह सामाजिक एकता की साझा प्रतीक बनकर उभरी हैं।
नामांकन के पश्चात सुधा गुप्ता ने कहा कि यह चुनाव उनके लिए किसी पद की होड़ नहीं, बल्कि मानगो के आम नागरिकों—विशेषकर महिलाओं और परिवारों—के सपनों और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता का भरोसा और आशीर्वाद ही उनकी असली शक्ति है।
जनता की परेशानी को प्राथमिकता, इसलिए सादगी भरा नामांकन
नामांकन में भीड़ या रैली न होने को लेकर पूछे गए सवाल पर सुधा गुप्ता ने संवेदनशीलता के साथ कहा कि मानगो में फ्लाईओवर निर्माण कार्य जारी है, सड़कें संकीर्ण हैं और श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़ से आम जनता को जाम और असुविधा होती। इसी कारण उन्होंने तय किया कि नामांकन केवल समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों के साथ ही किया जाएगा, ताकि जनता को कोई परेशानी न हो।
उनका यह निर्णय जनहित को प्राथमिकता देने वाली सोच और जिम्मेदार नेतृत्व की झलक देता है।
राजनीतिक शोर से अलग, सादगी और सामाजिक समरसता के साथ किया गया यह नामांकन मानगो में बदलाव, सम्मान और संवेदनशील शासन की दिशा में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।



