जमशेदपुर, 11 सितंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने शुक्रवार को कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर धालभूम और घाटशिला प्रक्षेत्र के उत्पाद निरीक्षकों के नेतृत्व में सिदगोड़ा और सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह बस्ती, भुईयाँडीह स्थित अवैध चुलाई शराब बिक्री के एक ठिकाने से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। इसके अलावा सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ह्यूमपाइप बस्ती में भी छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई।
अभियान के दौरान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के मुंडरारी बस्ती, भुईयाँडीह में अवैध चुलाई शराब बिक्री के दो अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई। इन स्थानों से भी बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
उत्पाद विभाग के अनुसार, सिदगोड़ा और सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में कुल करीब 170 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई है। मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत चार अलग-अलग अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं।
विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।