नगरपालिका चुनाव से पहले शराब माफियाओं पर करारा वार

119.705 लीटर अवैध शराब जप्त, 6 गिरफ्तार, 3 जेल भेजे गए
सरायकेला, 3 फरवरी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन – 2026 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध सघन छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न इलाकों में की गई कार्रवाई में कुल 119.705 लीटर अवैध शराब जप्त की गई है, जबकि 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। सरायकेला-कांड्रा मार्ग पर रात्रि गश्ती के दौरान मुड़िया गांव के पास एक नीले रंग के डाला टेम्पो (JH05DD 5720) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दो झोलों से 54.705 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से वाहन चालक कृति कुमार साहु एवं उसका सहयोगी संजय कुमार बेहरा गिरफ्तार किए गए तथा वाहन को जप्त कर लिया गया।
इसके अलावा गम्हरिया एवं आदित्यपुर थाना क्षेत्र के नीमडीह, उदयपुर, बास्कोनगर एवं भाटिया बस्ती में छापेमारी के दौरान 04 अन्य अभियुक्तों को पकड़ा गया। इनके पास से 20 लीटर अवैध चुलाई शराब और 45 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। एक अभियुक्त के पास से झारखंड राज्य में अपंजीकृत Kings Gold ब्रांड की 60 बोतल (45 लीटर) विदेशी शराब भी जप्त की गई।
भाटिया बस्ती, आदित्यपुर से गिरफ्तार अभियुक्त राजरतन मिश्रा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं वाहन चालक कृति कुमार साहु और संजय कुमार बेहरा को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। शेष अभियुक्तों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर सख्त नजर रखी जा रही है तथा आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



