सरायकेला नगर निकाय चुनाव:— भाजपा नहीं, झामुमो समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी के नामांकन को लेकर उत्साह, समर्थकों से जुटने का आह्वान

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला नगर निकाय चुनाव:— भाजपा नहीं, झामुमो समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी के नामांकन को लेकर उत्साह, समर्थकों से जुटने का आह्वान

सरायकेला, 02 फरवरी : सरायकेला नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी मंगलवार, 3 फरवरी को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन को लेकर समर्थकों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मनोज कुमार चौधरी ने सरायकेला वासियों, अभिभावकों, भाइयों और बहनों से अपील करते हुए कहा है कि यह नामांकन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, अधिकार, सम्मान और विकास की दिशा में एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आम लोगों के स्नेह, विश्वास और निरंतर सहयोग से प्रेरित होकर वे नगर निकाय चुनाव में उतर रहे हैं।

नामांकन के अवसर पर एक विशाल जनसमर्थन यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत बजरंग चौक, जेल रोड, सरायकेला से होगी। कार्यक्रम सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा। प्रत्याशी ने क्षेत्रवासियों से भारी संख्या में उपस्थित होकर अपना आशीर्वाद और समर्थन देने की अपील की है।

मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सरायकेला के समग्र विकास, जनसमस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के सहयोग से हर समस्या का समाधान और हर चुनौती को अवसर में बदला जाएगा। उनका संदेश— “सुनो सरायकेला, चुनो कामवाला”— नगरवासियों के बीच तेजी से चर्चा का विषय बन रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आगामी नामांकन कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल है और बड़ी संख्या में समर्थकों के जुटने की संभावना है। नगर निकाय चुनाव को लेकर यह नामांकन सरायकेला की राजनीति में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Share This Article