लालपुर में मामूली विवाद ने ली बुजुर्ग की जान, तीन गिरफ्तार

रांची, 02 फ़रवरी : राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसका अंजाम एक बुजुर्ग की मौत के रूप में सामने आया। लोवर वर्द्धमान कम्पाउंड धोबी घाट के पास हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी की रात करीब आठ बजे मधेश्वर सिंह रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही रहने वाले अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बात इतनी बढ़ गई कि विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान दोनों युवकों के साथ उनके पिता मुन्ना कच्छप भी शामिल हो गए और तीनों ने मिलकर मधेश्वर सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल मधेश्वर सिंह घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई। परिजनों के बयान के आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमन कच्छप उर्फ अमन उरांव, अनिकेत कच्छप और मुन्ना कच्छप को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह जानलेवा रूप ले रहे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।



