राष्ट्रीय स्तर पर चौका थाना को मिली उपलब्धि के लिए गणतंत्र दिवस पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को किया सम्मानित

सरायकेला, 26 जनवरी : गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विगत माह जारी “Ranking of Police Stations 2025” में सरायकेला-खरसावाँ जिला अंतर्गत चौका थाना ने पूरे देश में चौथा स्थान तथा झारखंड राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। यह उपलब्धि न केवल जिले की पुलिस व्यवस्था की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि जनसेवा और कानून-व्यवस्था के प्रति चौका थाना की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत द्वारा चौका थाना की पूरी पुलिस टीम को सम्मानित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी सहित सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन, त्वरित कार्रवाई और आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि चौका थाना की यह सफलता टीमवर्क, ईमानदार कार्यशैली और आधुनिक पुलिसिंग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, शिकायतों के त्वरित निपटारे, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय के कारण चौका थाना को यह प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने जिले के अन्य थानों से भी चौका थाना के कार्यों से प्रेरणा लेने की अपील की।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों ने भी इस सम्मान को पूरे जिले की पुलिस टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि भविष्य में भी वे जनविश्वास को और मजबूत करने तथा बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
चौका थाना की इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने भी खुशी जताते हुए पुलिस टीम को बधाई दी और इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।



