चांडिल में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने मोहा मन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस, विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने मोहा मन

चांडिल, 26 जनवरी : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मुख्य समारोह चांडिल प्रखंड के कटिया स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चांडिल एवं ईचागढ़ की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत बैंड प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसके अलावा विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। देशभक्ति गीत की उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रसन्न होकर अनुमंडल पदाधिकारी ने गायक छात्र की एक वर्ष की स्कूल फीस वहन करने की घोषणा की, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल बन गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और एकता की भावना को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टीम को पुरस्कृत भी किया गया। समारोह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इसके साथ ही अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना, प्रखंड सह अंचल कार्यालय, वन विभाग कार्यालय, विद्युत विभाग कार्यालय समेत सरकारी कार्यालय और गैर सरकारी संस्थानों में भी राष्ट्रीय झंडा फहराया गया।

Share This Article