गणतंत्र दिवस पर सड़क सुरक्षा का संदेश, सरायकेला में प्रशासन–मीडिया के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन

सरायकेला, 26 जनवरी : देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक सराहनीय पहल करते हुए बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में दो मैचों वाले मैत्रीपूर्ण क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना रहा।
टूर्नामेंट में प्रशासन-11 एवं मीडिया-11 की टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ सहभागिता की। दोनों मुकाबलों में प्रशासन-11 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। विशेष रूप से उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की जोड़ी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह के खेल आयोजनों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। दोपहिया वाहन पर चालक व पीछे बैठे व्यक्ति—दोनों के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट-बेल्ट का प्रयोग सभी को अनिवार्य रूप से करना चाहिए।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से सड़क सुरक्षा माह के दौरान चल रहे अभियानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जन-जागरूकता बढ़ाने में सहयोग की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों के पालन से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने मदिरापान कर वाहन चलाने को गंभीर अपराध बताते हुए आमजन से सतर्कता बरतने का आह्वान किया। साथ ही, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “शून्य सहनशीलता” की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। इस तरह के आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच, खेल भावना और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के लिए जिला प्रशासन की सराहना की तथा अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचाया जाएगा।
मीडिया प्रतिनिधियों ने यह भी माना कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रशासन और मीडिया के बीच आपसी समन्वय मजबूत होता है, जिससे जनहित से जुड़े अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपायुक्त द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। सभी ने यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।



