ईचागढ़ में दो उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास, अधूरे शिलान्यास बोर्ड पर भड़के जिला परिषद अध्यक्ष

ईचागढ़, 22 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत ईचागढ़ प्रखंड के ग्राम गौरांगकोचा एवं पातकुम में दो उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने संयुक्त रूप से किया। शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य ज्योति लाल माझी, प्रखंड प्रमुख गुरुपद सोरेन, संबंधित पंचायतों के मुखिया, स्थानीय चिकित्सा पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने कहा कि जिले में कुल 44 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण का टेंडर हो चुका है, जबकि शेष की प्रक्रिया प्रगति पर है। इन उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर शिलान्यास बोर्ड अधूरा पाए जाने पर जिला परिषद अध्यक्ष नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि बोर्ड पर न तो संवेदक का नाम अंकित है, न ही निर्माण कार्य की प्राक्कलन राशि और न ही कार्य पूर्ण होने की तिथि का उल्लेख किया गया है। इस पर उन्होंने संबंधित संवेदक को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सभी आवश्यक जानकारियों का स्पष्ट उल्लेख शिलान्यास पट्ट पर अनिवार्य रूप से किया जाए।
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की गोपनीयता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से भी निर्माण कार्य की निगरानी करने की अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी इस योजना में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही निर्माण के दौरान नींव से लेकर पूर्णता तक कार्य की सघन निगरानी सुनिश्चित करने के लिए लोगों से अपील किया।



