कैरव गांधी की सकुशल वापसी और तारापदो महतो हत्याकांड के दोषियों की गिरफ्तारी जल्द : डीजीपी तदाशा मिश्रा

रांची, 19 जनवरी : झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य से जुड़े दो गंभीर आपराधिक मामलों पर विस्तार से चर्चा की।
मुलाकात के क्रम में कुणाल षाड़ंगी ने हाल ही में जमशेदपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी देवन गांधी के पुत्र, युवा व्यवसायी कैरव गांधी के अपहरण की घटना का मुद्दा उठाते हुए आग्रह किया कि झारखंड पुलिस उनकी सकुशल घरवापसी हर हाल में सुनिश्चित करे। उन्होंने इस मामले में त्वरित और निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके साथ ही उन्होंने गालूडीह थाना अंतर्गत पुतड़ू गांव निवासी तारापदो महतो की हत्या के मामले पर भी डीजीपी का ध्यान आकृष्ट कराया और पूरे घटनाक्रम में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
इस पर डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बताया कि कैरव गांधी अपहरण मामले में सभी तकनीकी बिंदुओं पर गहन जांच करते हुए पुलिस आगे बढ़ रही है। पुलिस के सभी संबंधित विभागों द्वारा हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही कैरव गांधी सकुशल अपने परिवार के साथ होंगे।
वहीं, तारापदो महतो हत्याकांड पर डीजीपी ने कहा कि जिला पुलिस पूरी तत्परता के साथ जांच में जुटी हुई है और अपराधी किसी भी सूरत में नहीं बचेंगे। दोषियों को कानून के कठघरे में लाकर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
कुणाल षाड़ंगी ने पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी रहेंगे।



