आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम, बिष्टुपुर में दुर्गा प्रसाद शर्मा की स्मृति में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा

जमशेदपुर, 18 जनवरी : आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम, बिष्टुपुर के महासचिव स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद शर्मा के 13 जनवरी 2026 को हुए निधन पर रविवार को मंदिर परिसर में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धा, शोक और सम्मान से ओतप्रोत इस सभा में तेलुगु समाज के सैकड़ों श्रद्धालु, मंदिर के पदाधिकारी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सभा की शुरुआत स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद शर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने क्रमवार उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। वक्ताओं ने स्वर्गीय शर्मा द्वारा मंदिर और तेलुगु समुदाय के लिए किए गए वर्षों के निस्वार्थ, समर्पित एवं प्रेरणादायी कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें एक कर्मठ, विनम्र और दूरदर्शी व्यक्तित्व बताया।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से अध्यक्ष बी. डी. गोपाल कृष्णा, उपाध्यक्ष जम्मी भास्कर, एडीएल समिति के अध्यक्ष वाई. ईश्वर राव, टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आर. रवि प्रसाद, आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष मेजर सत्यनारायण, झारखंड तेलुगु ब्राह्मण संघम के महासचिव जी. गोपाल कृष्णा, ट्रस्टी सी. प्रदीप नायडू समेत बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालु उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद शर्मा ने वर्षों तक महासचिव के रूप में सेवा करते हुए मंदिर की गतिविधियों को सशक्त किया तथा तेलुगु समुदाय में एकता, संस्कृति और धार्मिक चेतना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनकी स्मृति में आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा उनके प्रति समाज के गहरे सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति बनी।



