गालूडीह हत्या कांड: झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, दोषियों को सख्त सजा का दिलाया भरोसा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गालूडीह हत्या कांड: झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, दोषियों को सख्त सजा का दिलाया भरोसा

जमशेदपुर /घाटशिला, 16 जनवरी : पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह के पुत्रू गांव निवासी तारापदो महतो की विगत दिनों निर्मम हत्या की दुखद घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने आज शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य हत्या में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

श्री षाड़ंगी ने परिजनों से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द अंतिम संस्कार संपन्न कर प्रशासन को आगे की कानूनी प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झामुमो इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

इस क्रम में श्री षाड़ंगी ने मृतक के बड़े भाई श्री षष्ठी महतो से पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता कराई और मामले की त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कराने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से भी फोन पर बातचीत कर इस गंभीर घटना पर संज्ञान लेने एवं दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार है, जहां अपराधियों को न तो संरक्षण मिलेगा और न ही किसी दोषी को बख्शा जाएगा। उन्होंने दोहराया कि झामुमो पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

Share This Article