जमशेदपुर से उद्योगपति का पुत्र लापता, उद्योग जगत में दहशत – मंत्री संजय सेठ ने की एसआईटी गठन की मांग, चांडिल के कांदरबेड़ा से संदिग्ध अवस्था में कार बरामद

Manbhum Updates
3 Min Read

जमशेदपुर से उद्योगपति का पुत्र लापता, उद्योग जगत में दहशत – मंत्री संजय सेठ ने की एसआईटी गठन की मांग, चांडिल के कांदरबेड़ा से संदिग्ध अवस्था में कार बरामद

रांची/जमशेदपुर, 14 जनवरी : जमशेदपुर के उद्योग जगत से जुड़ी एक बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति देवांग गांधी के पुत्र केरव गांधी के रहस्यमय ढंग से लापता होने से उद्योग जगत में दहशत का माहौल है।

इस मामले को लेकर रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला प्रशासन से अविलंब विशेष जांच टीम (एसआईटी) के गठन की मांग की है। उन्होंने केरव गांधी की शीघ्र एवं सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

श्री सेठ ने कहा कि जमशेदपुर जैसे प्रमुख औद्योगिक शहर से एक बड़े उद्योगपति के पुत्र का इस तरह लापता होना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने चिंता जताई कि केरव गांधी की कार लावारिस अवस्था में बरामद हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है, जो मामले की गंभीरता को और बढ़ाता है।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि जमशेदपुर झारखंड की औद्योगिक राजधानी है और इस प्रकार की घटनाएं उद्योग जगत में भय, असुरक्षा और अस्थिरता का माहौल पैदा करती हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस को बिना किसी विलंब के एसआईटी गठित कर मामले की गहन जांच करनी चाहिए, ताकि केरव गांधी की जल्द से जल्द सुरक्षित बरामदगी हो सके और उद्योग जगत का भरोसा बना रहे।

गौरतलब है कि केरव गांधी मंगलवार से लापता हैं। इस बीच चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे कांदरबेड़ा से उनकी कार को पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में बरामद किया है। कार की बरामदगी के बाद जमशेदपुर एवं सरायकेला-खरसावां पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चला रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Share This Article