चांडिल, 15 अप्रैल:सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी बस और एक मालवाहक वैन के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि वैन सड़क से उछलकर दूर खेत में जा गिरी। वैन चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर से कुकड़ू की ओर जा रही मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी की भादूडीह के पास फोरलेन मार्ग पर गलत दिशा से आ रही वैन से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार से घटनास्थल पर भयावह स्थिति बन गई। इस दुर्घटना में बस चालक समेत कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बाद में पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यात्रियों ने बताया कि जमशेदपुर से यात्रियों को लेकर बस कुकडू जा रही थी, तभी यह दुर्घटना घटी।