चांडिल के शहरबेड़ा में महिला की मौत का मामला, पति व देवर गिरफ्तार, दहेज उत्पीड़न का आरोप

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल के शहरबेड़ा में महिला की मौत का मामला, पति व देवर गिरफ्तार, दहेज उत्पीड़न का आरोप

चांडिल, 11 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत शहरबेड़ा गांव के टोला टुईलुंग में गत दिनों एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। मृतका की पहचान सेवती प्रमाणिक के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का बताया जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने सेवती को फंदे से उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर चांडिल पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, मृतका के मायके पक्ष द्वारा चांडिल थाना में दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम तथ्य और सबूत हाथ लगे, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति अशोक प्रमाणिक तथा देवर दीपक प्रमाणिक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को दहेज उत्पीड़न सहित अन्य गंभीर आरोपों में न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चांडिल पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Share This Article