राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 : आदित्यपुर–गम्हरिया में “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” अभियान, नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया गया जागरूक
आदित्यपुर, 14 जनवरी : सरायकेला–खरसावाँ जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” अभियान को लेकर आदित्यपुर–गम्हरिया क्षेत्र में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो की उपस्थिति में आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ऑटो क्लस्टर चौक पर सड़क सुरक्षा को लेकर आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा टीम ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों से ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की। वाहन चालकों को तेज़ रफ़्तार के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं उससे होने वाली जनहानि की जानकारी दी गई। साथ ही, जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वाहन चालकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पैम्फलेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
इसी क्रम में सड़क सुरक्षा जागरूकता को जन–जन तक पहुँचाने के लिए नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा गम्हरिया चौक, लाल बिडिलंग एवं गम्हरिया बाज़ार में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हेलमेट की उपयोगिता, यातायात नियमों के पालन तथा ओवरस्पीडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों को प्रभावी एवं सरल तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने संदेश को आत्मसात किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा स्वयं के साथ–साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।