चोरी की चार मोटरसाईकिल के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

आदित्यपुर, 14 दिसंबर : पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे छापामारी व वाहन जांच अभियान के दौरान आदित्यपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्यपुर थाना में दर्ज कांड के तहत पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया, पूछताछ के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में की गई छापामारी में आरोपियों के घरों से तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि महतो उर्फ पतली (19 वर्ष) तथा सूरज सोय उर्फ डाकू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर सालडीह बस्ती एवं अन्य स्थानों से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर उन्हें जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज सोय उर्फ डाकू का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिस पर विभिन्न थानों में चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी बरामद मोटरसाइकिलों को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।



