बोड़ाम में काड़ा लड़ाई के दौरान हादसा, उग्र भैंसा के हमले में पिता की मौत, पुत्र गंभीर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बोड़ाम में काड़ा लड़ाई के दौरान हादसा, उग्र भैंसा के हमले में पिता की मौत, पुत्र गंभीर

बोड़ाम, 12 जनवरी : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलडीह पंचायत के जोबा गांव स्थित फुटबॉल मैदान में सोमवार को आयोजित काड़ा (भैंसा) लड़ाई प्रतियोगिता के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। उग्र भैंसा के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना दोपहर करीब एक बजे की है। युवा कमेटी की ओर से आयोजित काड़ा लड़ाई में चार जोड़े की भिड़ंत के बाद एक भैंसा बेकाबू होकर भागने लगा। इसी दौरान ग्रामीण सड़क से बाइक से गुजर रहे जोबा गांव निवासी सुभाष कर्मकार (55) एवं उनका पुत्र सागर कर्मकार (15) उसकी चपेट में आ गए। भैंसा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घायलों को इलाज के लिए तत्काल एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सुभाष कर्मकार की मौत हो गई। वहीं सागर कर्मकार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। सूत्रों के अनुसार, हादसे के बाद भी कुछ समय तक मेला जारी रहा और दो जोड़े की काड़ा लड़ाई कराई गई। सूचना मिलने पर बोड़ाम पुलिस दोपहर करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची और मेला को बंद कराते हुए लोगों को वहां से खदेड़ दिया।

थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि मेला के आयोजन की कोई पूर्व सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी और इसे गुप्त रूप से आयोजित किया गया था। मेला कमेटी की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि पटमदा, कमलपुर, बोड़ाम थाना क्षेत्र तथा पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती गांवों में इस तरह के आयोजन किए जाते हैं।

Share This Article