रात में निकला, सुबह आई मौत की खबर – अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की जान गई, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रात में निकला, सुबह आई मौत की खबर – अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की जान गई, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

फाइल फोटो

जमशेदपुर /पटमदा, 10 जनवरी : टाटा–पटमदा मुख्य सड़क पर बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव के पास शुक्रवार – शनिवार मध्य रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ, जिसकी जानकारी परिवार को आज सुबह मिली और पूरे घर में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान बालीगुमा निवासी देबू महतो के इकलौते पुत्र संजय कुमार महतो (32) के रूप में हुई है। संजय दिन में अपनी बहन को पश्चिम बंगाल के हांसपुर स्थित उसकी ससुराल छोड़ने गया था और रात में बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में वह पटमदा बाजार में अपने चचेरे भाई युधिष्ठिर महतो से मिला भी था और मां को फोन कर रात नौ बजे तक घर पहुंचने की बात कही थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

शनिवार सुबह करीब सात बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे नाले में एक युवक का शव देखा, जिसके बाद बोड़ाम थाना को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा। दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया।

थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार के अनुसार युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया किसी भारी वाहन से टक्कर की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार बताया जा रहा है।

संजय मूल रूप से पटमदा के धाधकीडीह गांव का रहने वाला था, लेकिन पिछले करीब 30 वर्षों से वह बालीगुमा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह सोलर इंस्टालेशन का काम करता था और मेहनत के बल पर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका था। बालीगुमा में उसकी अपनी दुकान भी थी। पिता चूना-पेंट का काम करते हैं। अविवाहित संजय दो भाई-बहनों में सबसे बड़ा था।

घर के इकलौते सहारे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजीत के अनुसार, संजय की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां बेसुध हो गई और बार-बार बेहोश हो रही थी। वहीं क्षेत्र में भी इस हादसे को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

Share This Article