भीषण ठंड व शीतलहर के कारण 9 व 10 जनवरी तक KG से 12वीं की कक्षाएं स्थगित

रांची, 08 जनवरी : भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार झारखंड में अगले कुछ दिनों तक भीषण ठंड एवं शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त, रांची द्वारा जारी आदेश के अनुसार रांची जिले के अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा KG से कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई 10 जनवरी 2026 (शनिवार) तक स्थगित रहेगी।
इसी क्रम में ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए सरायकेला-खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम जिलों में भी जिला प्रशासन द्वारा विद्यालयों में KG से 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
हालांकि, यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में पूर्व से निर्धारित परीक्षाएं आयोजित हैं, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकते हैं। 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं की परीक्षाएं भी विद्यालय स्तर से संचालित की जाएंगी।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर ई-विद्या वाहिनी में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे तथा विद्यालय के गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।
सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश 8 जनवरी 2026 को जारी किया गया है।



