9 से 11 जनवरी तक होगा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव

जमशेदपुर, 06 जनवरी : जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रथम पूर्वी सिंहभूम साहित्य उत्सव 2026 का आयोजन 9 से 11 जनवरी तक गोपाल मैदान, जमशेदपुर में किया जाएगा। आयोजन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम अर्नव मिश्रा ने समाहरणालय सभागार में प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह उत्सव साहित्य, कला, संस्कृति और जनजातीय विरासत के संरक्षण व प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
तीन दिवसीय साहित्य उत्सव में जिले, राज्य एवं देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार, कवि, लेखक, इतिहासकार एवं विचारक भाग लेंगे। पद्मश्री डॉ. जानुम सिंह सोय, पद्मश्री हलधर नाग, पद्मश्री डॉ. पुष्पेश पंत, जेरी पिंटो, नीलोत्पल मृणाल, राहुल पंडिता सहित कई जाने-माने साहित्यकार विभिन्न विषयों पर संवाद करेंगे।
उत्सव के दौरान आदिवासी भाषा-साहित्य, इतिहास, समाज, संस्कृति, समकालीन मुद्दों पर सत्र आयोजित होंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजातीय नृत्य, छऊ नृत्य, नाट्य प्रस्तुति, लाइव पेंटिंग, पॉटरी, पुस्तक व कहानी स्टॉल तथा स्थानीय कला-संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने जिलेवासियों, युवाओं एवं साहित्यप्रेमियों से बड़ी संख्या में शामिल होकर साहित्य उत्सव को सफल बनाने की अपील की।



