गणतंत्र दिवस को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, गोपाल मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गणतंत्र दिवस को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, गोपाल मैदान में होगा जिला स्तरीय समारोह

जमशेदपुर, 05 जनवरी : गणतंत्र दिवस 2026 को भव्य एवं गरिमामय तरीके से मनाने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने की।

बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसओआर राहुल आनंद, नजारत उप समाहर्ता डेविड बलिहार, डीटीओ धनंजय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, डीईओ मनोज कुमार सहित प्रशासनिक, पुलिस व विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में किया जाएगा, जहां सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में परेड, झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।

इस वर्ष परेड में जैप-6 का एक प्लाटून, जिला पुलिस बल के दो प्लाटून, जिला गृह रक्षक का एक प्लाटून, एनसीसी (महिला/पुरुष) के दो प्लाटून तथा स्काउट एंड गाइड के दो प्लाटून सहित कुल आठ प्लाटून भाग लेंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 20 और 21 जनवरी को पुलिस लाइन गोलमुरी, 22 जनवरी को गोपाल मैदान तथा 24 जनवरी को गोपाल मैदान में ही फुल ड्रेस रिहर्सल के रूप में किया जाएगा, जिसका निरीक्षण जिला दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से करेंगे।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को टाउन हॉल, सिदगोड़ा में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीत-संगीत व नृत्य की प्रस्तुति देंगे।

बैठक में सभी सरकारी भवनों एवं कार्यालयों में झंडोत्तोलन सुनिश्चित करने, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, स्मारकों की साफ-सफाई तथा समारोह स्थल पर साफ-सफाई, बैठने, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने नागरिकों से समारोह में सहभागिता निभाने की अपील की है।

Share This Article