किसान दिवस पर बग्राईसाई में 50 किसानों के बीच 47 लाख रुपये का कृषि ऋण वितरित
सरायकेला, 18 जुलाई : किसानों की आय में वृद्धि एवं उनके आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने, संस्थागत ऋण, उन्नत बीज, कृषि यंत्रों तथा अन्य कृषि संबंधी सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में किसान दिवस के अवसर पर शनिवार को बैंक ऑफ इंडिया एवं सहयोगी महिला समिति, बग्राईसाई के संयुक्त तत्वावधान में कृषि ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं अन्य कृषि ऋण योजनाओं के अंतर्गत 50 किसानों के बीच कुल ₹47 लाख के कृषि ऋण का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैंक ऑफ इंडिया के उप आंचलिक प्रबंधक अजीत कांत ने कहा कि कृषि क्षेत्र को संस्थागत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने किसानों से बैंक की कृषि ऋण योजनाओं का लाभ उठाने, ऋण का उत्पादक कार्यों में उपयोग करने तथा समय पर ऋण अदायगी सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) बरुण कुमार चौधरी ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित विभिन्न कृषि एवं जनकल्याणकारी ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से संस्थागत ऋण का समुचित उपयोग कर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पात्र किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही बैंकिंग सेवाओं, कृषि वित्त, किसान क्रेडिट कार्ड एवं अन्य वित्तीय योजनाओं के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराते हुए किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अमन बर्नवाल एवं सब्यसाची पात्रा, सहयोगी महिला समिति की ओर से चामी मुर्मू, जवाहर महतो एवं जयपाल मुर्मू सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।