स्कूल खोलने पर प्रधानाध्यापकों से मांगा गया स्पष्टीकरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

स्कूल खोलने पर प्रधानाध्यापकों से मांगा गया स्पष्टीकरण

चांडिल, 05 जनवरी : जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय आदेश की अवहेलना के मामले में चांडिल प्रखंड के दो विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, चांडिल द्वारा पत्र जारी किया गया है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा दिनांक 04 जनवरी 2026 को जारी आदेश के तहत शीतलहर एवं अत्यधिक ठंड को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य हित में दिनांक 05 एवं 06 जनवरी 2026 को नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाओं का पठन-पाठन स्थगित रखने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद 05 जनवरी 2026 को संबंधित विद्यालयों में विद्यालय खोलकर पठन-पाठन कराए जाने की सूचना प्राप्त हुई है।

इसे वरीय पदाधिकारियों के आदेश की अवहेलना मानते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने दीप शिक्षा स्कूल, बड़ामटांड एवं एसएच राणा स्कूल, चावलीबासा के प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा है। पत्र में यह भी कहा गया है कि क्यों नहीं आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

संबंधित प्रधानाध्यापकों को पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण अधोहस्ताक्षरी के समक्ष उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। मामले को लेकर शिक्षा विभाग में चर्चा का माहौल है।

Share This Article