सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत लोगों को किया गया जागरूक

गम्हरिया, 05 जनवरी : सरायकेला खरसावां जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सोमवार को गम्हरिया क्षेत्र में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें ट्रैफिक इंस्पेक्टर एवं गमहरिया थाना प्रभारी की सक्रिय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान गमहरिया स्थित TGS ग्रोथ शॉप में आम लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व, गुड समैरिटन कानून, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं। पुलिस पदाधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने एवं नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की।
पदाधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन की जागरूकता बेहद जरूरी है। यातायात नियमों का पालन कर न केवल स्वयं सुरक्षित रहा जा सकता है, बल्कि दूसरों की जान भी बचाई जा सकती है।
स्थानीय लोगों ने अभियान की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।



