
पुरुलिया-बांकुड़ा स्टेट हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार पकड़ा गया, मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े पुराने मामलों में भी संलिप्तता का खुलासा
पुरुलिया, 05 नवंबर : काली पूजा से पहले अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुरुलिया पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार शाम मुफस्सिल थाना पुलिस ने पुरुलिया-बांकुड़ा राज्य राजमार्ग पर भांगड़ा बत्तला में नाका चेकिंग के दौरान 4.6 लीटर अवैध फेंसेडिल कफ सिरप बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान हुतमुड़ा निवासी शेख जाकिर उर्फ कोटा के रूप में हुई है। वह स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 4.6 लीटर अवैध फेंसेडिल कफ सिरप बरामद किया गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी मादक पदार्थों, हथियारों और डकैती से जुड़े कई मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ ही फेंसेडिल की आपूर्ति के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इस मामले में पुरुलिया (एम) थाना कांड संख्या 350/26, दिनांक 5 नवंबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 21(C), 25 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।