राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: द्वितीय दिवस पर चालक परामर्श कार्यक्रम आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: द्वितीय दिवस पर चालक परामर्श कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला, 02 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत दूसरे दिन जिला परिवहन विभाग द्वारा श्री सीमेंट, खरसावां परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता सह चालक परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सतर्क चालक, सुरक्षित जीवन” रखा गया।

इस दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। परामर्श सत्र में चलती गाड़ी से चढ़ने-उतरने, ओवरलोडिंग, रात्रि के समय कम दृश्यता, गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन परिचालन जैसी लापरवाहियों से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और उनके गंभीर परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन तथा दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार, रवि प्रसाद एवं सड़क सुरक्षा टीम की उपस्थिति में सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलाई गई, ताकि वे नियमों का पालन करते हुए स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।

मौके पर जिला प्रशासन की ओर से अपील की गई कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।

Share This Article