खरसावां गोलीकांड के शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

खरसावां गोलीकांड के शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति

खरसावां, 01 जनवरी : खरसावां गोलीकांड की बरसी के अवसर पर शहीद स्थल, खरसावां में गुरुवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य के मंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत कई राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर खरसावां गोलीकांड में शहीद हुए वीरों को नमन किया तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को स्मरण किया। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आदिवासी समाज के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि खरसावां के शहीदों ने आदिवासी अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया, जिसे हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। वहीं मंत्री दीपक बिरुआ और सांसद जोबा माझी ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सपनों को साकार करने और उनके परिवारों के सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन काल से आजसू के लिए खरसावां शहीद स्थल प्रेरणा का स्रोत रहा है। आजसू पार्टी शहीदों के सपनों का झारखंड निर्माण करने का संघर्ष जारी रखेगी।

इस अवसर पर नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि खरसावां गोलीकांड झारखंड के इतिहास का एक दर्दनाक अध्याय है, जिसमें निर्दोष आदिवासियों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि शहीदों का यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है और इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्रद्धाजंलि अर्पित करने वालों में खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा, जेएलकेएम नेता देवंद्र नाथ महतो समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Share This Article