शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का विधायक, उपायुक्त व एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों का विधायक, उपायुक्त व एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण

सरायकेला, 30 दिसंबर : आगामी 1 जनवरी 2026 को खरसावां शहीद स्थल पर प्रस्तावित शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक दशरथ गागराई, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित राज्य के कई मंत्री एवं विधायकगण के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद पार्क, पथ निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस, अर्जुना स्टेडियम परिसर में निर्माणाधीन हेलीपैड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान गेस्ट हाउस एवं हेलीपैड से संबंधित लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को दिया गया।

अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सभा स्थल पर समतलीकरण, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, जूता-चप्पल स्टैंड सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित एवं समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान आगमन एवं प्रस्थान मार्गों (रूट लाइनिंग) तथा यातायात संचालन को लेकर बिंदुवार चर्चा करते हुए सभी तैयारियों को ससमय पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, डीआरडीए निदेशक अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सरजू प्रसाद सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article