एनएच-33 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एनएच-33 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

चांडिल, 28 दिसंबर : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 फोरलेन सड़क पर चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़नेगी के पास शनिवार रात हुई सड़क हादसे में रांची निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई। रांची के नामकुम श्रीनगर कॉलोनी निवासी पुनीत कांगड़ अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुनीत जमशेदपुर के मानगो जवाहर नगर रोड नंबर-6 में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। परिजनों के साथ कार से आने के बाद वे शनिवार रात अपनी बाइक से अकेले रांची लौट रहे थे। इसी दौरान घोड़नेगी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी और घायल को प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस से उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। देर रात परिजन अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि पुनीत नामकुम स्थित एक निजी स्कूल में कार्यरत थे और अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और एक छोटा बच्चा है। चांडिल थाना की पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच में जुट गई है।

Share This Article