पुलिस अधीक्षक ने की मासिक अपराध गोष्ठी, पर्व–त्योहार व वीवीआईपी कार्यक्रमों को लेकर दिए सख्त निर्देश

सरायकेला, 22 दिसंबर : सरायकेला–खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत की अध्यक्षता में सोमवार को मासिक अपराध गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। अपराध गोष्ठी में आगामी क्रिसमस, नववर्ष, जिलांतर्गत प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम एवं खरसावां शहीद दिवस के मद्देनजर जिले की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर विस्तृत विमर्श किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बढ़ाने, प्रभावी गश्ती तथा विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिया।
इस अवसर पर नवंबर माह में घटित अपराधों की थानावार समीक्षा करते हुए लंबित कांडों के शीघ्र उद्भेदन एवं दिसंबर माह में अधिकाधिक निष्पादन के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, प्रभावी वाहन जांच एवं एमवीआई एक्ट के तहत कार्रवाई पर जोर दिया गया।
डायल 112 की कार्यप्रणाली की समीक्षा में नवंबर माह का औसत रिस्पांस टाइम 9 मिनट 19 सेकंड पाए जाने पर इसे सराहनीय बताते हुए डायल 112 में कार्यरत कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी पदाधिकारियों को 10 मिनट के भीतर रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त अवैध अफीम खेती की रोकथाम, मादक पदार्थों व ब्राउन शुगर के विरुद्ध अभियान तेज करने, अवैध शराब पर छापेमारी, पोक्सो व बलात्कार कांडों का 60 दिनों में निष्पादन, साइबर अपराधों की रोकथाम, सीसीटीवी अधिष्ठापन, पासपोर्ट सत्यापन में पारदर्शिता, पुराने कांडों एवं लंबित वारंट-कुर्की के निष्पादन, CCTNS में गुणवत्तापूर्ण डाटा प्रविष्टि तथा अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



