राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश, म्यूटेशन व उत्तराधिकार मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश, म्यूटेशन व उत्तराधिकार मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर

सरायकेला, 18 दिसंबर : समाहरणालय सभागार में बुधवार को अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण, म्यूटेशन एवं उत्तराधिकार से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता (एलआरडीसी), जिला परिवहन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं सभी अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान अपर उपायुक्त ने विभागवार वार्षिक एवं मासिक राजस्व लक्ष्यों के विरुद्ध उपलब्धियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले के विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण अत्यंत आवश्यक है। सभी विभागों को ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर उसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।

वाणिज्य कर अंचलों को कर योग्य प्रतिष्ठानों का अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करने, परिवहन विभाग को डिफॉल्टर वाहनों पर कार्रवाई, ओवरलोडिंग व यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। खनन विभाग को अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध नियमित छापेमारी जारी रखने, जबकि निबंधन कार्यालयों को निबंधन शुल्क संग्रहण में प्रगति लाने को कहा गया।

मत्स्य विभाग को तालाबों की शत-प्रतिशत बंदोबस्ती एवं मछली उत्पादन बढ़ाने, उत्पाद विभाग को अवैध शराब कारोबार पर कड़ी कार्रवाई, नगर निकायों को होल्डिंग टैक्स व अन्य करों की वसूली मजबूत करने तथा विद्युत विभाग को बिजली चोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

राजस्व अंचलों की समीक्षा में अपर उपायुक्त ने ऑनलाइन म्यूटेशन, सीमांकन व लगान मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। 30 प्रतिशत से कम लगान वसूली वाले कर्मियों को शोकॉज किया गया। साथ ही पीएम किसान योजना के तहत शत-प्रतिशत ई-केवाईसी, सरकारी भूमि संरक्षण और लंबित प्रमाणपत्र मामलों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए।

Share This Article