गृह रक्षकों के नव-नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ी, अब 02 जनवरी 2026 तक करें आवेदन

सरायकेला, 16 दिसंबर : झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, सरायकेला–खरसावां जिला अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के कुल 446 रिक्त पदों पर नव-नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार अब इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी 02 जनवरी, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पूर्व में आवेदन की अवधि 03 दिसंबर से 18 दिसंबर, 2025 तक निर्धारित थी, जिसे उपायुक्त के आदेशानुसार अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए विस्तारित किया गया है। कुल पदों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी https://recruitment.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने के बाद उसका प्रिंटआउट आवश्यक अनुलग्नकों सहित 02 जनवरी, 2026 तक जिला समादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी, सरायकेला–खरसावां के कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।
नव-नामांकन हेतु न्यूनतम आयु 19 वर्ष एवं अधिकतम आयु 40 वर्ष (01 जनवरी 2025 के अनुसार) निर्धारित है। ग्रामीण गृह रक्षकों के लिए न्यूनतम योग्यता कक्षा 7 उत्तीर्ण तथा शहरी गृह रक्षकों के लिए मैट्रिक उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा एवं चिकित्सकीय परीक्षण शामिल होंगे। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला की आधिकारिक वेबसाइट https://seraikela.nic.in पर उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे विस्तारित तिथि का लाभ उठाते हुए समय-सीमा के भीतर आवेदन सुनिश्चित करें।


