स्कूलों में ‘विजय संदेश’ पढ़कर मनाया गया विजय दिवस

जमशेदपुर, 15 दिसंबर : 16 दिसंबर 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर द्वारा सोमवार को शहर के विभिन्न विद्यालयों में ‘युद्ध की कहानी, युद्धवीरों की जुबानी’ कार्यक्रम के तहत विजय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों व प्राचार्यों ने विद्यार्थियों को विजय संदेश पढ़कर सुनाया और 1971 के वीर योद्धाओं को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि किस प्रकार 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान के जनरल नियाज़ी ने 93 हजार सैनिकों के साथ भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जिसके परिणामस्वरूप विश्व मानचित्र पर एक नए राष्ट्र बांग्लादेश का उदय हुआ। पूर्व सैनिकों ने 14 दिनों तक चले इस युद्ध में भारतीय सेना की रणनीति, शौर्य और पराक्रम का विस्तार से वर्णन किया।
आवासीय नेताजी सुभाष विद्यालय गोलमुरी में राष्ट्र चेतना सुभाष कुमार, गोलमुरी के किला भारती में राजीव कुमार, संत जोसेफ हाई स्कूल व ओल्ड बारीडीह में संतोष सिंह सहित अन्य विद्यालयों में विजय संदेश पढ़ा गया। अन्य स्कूलों में शिक्षकों ने बच्चों को यह संदेश सुनाया।
विजय दिवस के अवसर पर “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से वातावरण ओजस्वी हो उठा। परिषद ने बताया कि 16 दिसंबर को शहीद स्मृति स्थल गोलमुरी से विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। युवाओं में भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को जीवंत रखना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।



