चांडिल के पूड़ीसिली का मामला : रैयती भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, महिला ने एसडीओ से लगाई गुहार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल के पूड़ीसिली का मामला : रैयती भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, महिला ने एसडीओ से लगाई गुहार

चांडिल, 14 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुपुर गांव की रहने वाली बिजली सिंह नामक महिला ने शनिवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर अपनी पैतृक रैयती भूमि पर अवैध निर्माण कराए जाने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य पर अविलंब रोक लगाने की मांग की है।

बिजली सिंह ने बताया कि चांडिल अंचल अंतर्गत पूड़ीसिली मौजा में उनके दादाजी स्वर्गीय रघु सिंह उर्फ रघुनाथ सिंह की रैयती भूमि है। उक्त भूमि छह प्लॉट में फैली हुई है, जिसका कुल रकबा लगभग 2 एकड़ 46 डिसमिल बताया गया है। आवेदिका के अनुसार वह अन्य अंशदारों से अपने हिस्से की मांग पूर्व में कर चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें उनका वैध हिस्सा नहीं दिया गया है।

पीड़िता का आरोप है कि वर्तमान में प्लॉट संख्या 352 पर गौर सिंह नामक अंशदार द्वारा चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। जब उन्होंने अपने हिस्से की बात उठाई तो संबंधित अंशदार ने उनके साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। बिजली सिंह ने बताया कि धमकियों के कारण वह काफी भयभीत हैं और किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

ज्ञापन में उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जब तक पूरी भूमि का विधिवत बंटवारा नहीं हो जाता, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य कराया जाना अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की है, अन्यथा क्षेत्र में शांति भंग होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बिजली सिंह ने अनुमंडल पदाधिकारी को भूमि से संबंधित सभी आवश्यक कागजातों की छायाप्रति भी सौंपते हुए न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article