खरसावां में होने वाले शहीद दिवस की तैयारियों को लेकर हुई समन्वय बैठक

खरसावां, 13 दिसंबर : 01 जनवरी 2026 को खरसावां शहीद पार्क परिसर में आयोजित होने वाले शहीद दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शहीद स्मारक समिति के साथ शनिवार को महत्वपूर्ण समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरसावां विधानसभा के विधायक दशरथ गागराई, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत उपस्थित रहे। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान विगत वर्ष के अनुभवों के आधार पर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सुझाव आमंत्रित किए गए। शहीद स्मारक समिति की ओर से बताया गया कि इस वर्ष कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु लगभग 400 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उपायुक्त ने शहीद पार्क, संपर्क मार्ग, हाट-बाजार क्षेत्र, वाहन पार्किंग स्थल, मुख्य सड़क, आरसीडी गेस्ट हाउस एवं हेलीपैड सहित सभी मार्गों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने शहीद पार्क को जोड़ने वाले मार्गों पर जूता-चप्पल स्टैंड, बैरिकेडिंग, निर्धारित दूरी पर पार्किंग व्यवस्था एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। साथ ही शहीद दिवस के दिन मांस एवं मछली की दुकानों को बंद रखने, वृद्धजनों को श्रद्धांजलि में प्राथमिकता देने तथा 01 जनवरी को लगने वाले साप्ताहिक हाट-बाजार को अन्य तिथि में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि कार्यक्रम से पूर्व सभी सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी तथा पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारी, बाइक दस्ता एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी।
मौके पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि शहीद दिवस जिले की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसे शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



