गम्हरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 8 किलो मिलावटी पनीर नष्ट

गम्हरिया, 10 दिसंबर : खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को गम्हरिया के विभिन्न रेस्टोरेंटों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने रेस्टोरेंटों की स्वच्छता, खाद्य भंडारण व्यवस्था एवं भोजन बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की विस्तृत जांच की। निरीक्षण के दौरान एक रेस्टोरेंट से पनीर का नमूना लिया गया। प्रारंभिक परीक्षण में पनीर मिलावटी पाए जाने पर विभाग ने मौके पर ही लगभग 8 किलोग्राम पनीर नष्ट करा दिया।
अभियान के बाद सभी रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि खाद्य सामग्री केवल प्रमाणित तथा विश्वसनीय स्रोतों से ही खरीदें और किचन एवं स्टोरेज क्षेत्र की नियमित सफाई सुनिश्चित करें। बिना लेबल, एक्सपायर्ड या संदिग्ध खाद्य सामग्री के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही कर्मचारियों के लिए स्वच्छ वर्दी, हैंडग्लव्स एवं हेडकवर का उपयोग अनिवार्य करने को निर्देशित किया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



