नव पदस्थापित प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मू का छात्र मोर्चा ने किया भव्य स्वागत

चांडिल, 10 दिसंबर : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के एकमात्र डिग्री महाविद्यालय चांडिल कॉलेज में बुधवार को स्वागत समारोह आयोजित किया गया। झारखंड छात्र मोर्चा की जिला इकाई ने नव पदस्थापित प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मू का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
जिलाध्यक्ष सुदामा हेम्ब्रम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य के प्रति सम्मान और विश्वास व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष हेम्ब्रम ने कहा कि चांडिल डिग्री महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा का प्रमुख केंद्र है और नए प्राचार्य से छात्रों को नई दिशा तथा बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि छात्र मोर्चा सकारात्मक माहौल बनाए रखने और कॉलेज प्रशासन के साथ तालमेल में कार्य करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा।
प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मू ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना, छात्र-हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना और महाविद्यालय को शैक्षणिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि कॉलेज के विकास में छात्र संगठनों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है और वे मिलकर बेहतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में छात्र नेता हेमंत हेम्ब्रम, सुबोध सिंह मुंडा, रंजन सोरेन, भरत मांझी, वरिष्ठ छात्र नेता सोमाय टुडू सहित अनेक छात्र उपस्थित थे।



