सरायकेला, 15 अप्रैल : जिले में आगामी 19 अप्रैल को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा 8 निर्धारित केंद्रों पर सुनिश्चित किया गया है, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस संबंध में समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत की उपस्थिति में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़न दस्ता दल एवं केंद्र पर्यवेक्षकों के साथ विस्तृत बैठक हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में परीक्षा की गोपनीयता से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर Do’s & Don’ts का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्पष्ट सूचना बोर्ड और बैनर लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्रों के मुख्य द्वार के भीतर रोल नंबर, कक्ष संख्या सहित आवश्यक जानकारी वाले स्टीकर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही प्रत्येक परीक्षा कक्ष में घड़ी, पेयजल, शौचालय, बिजली और पंखे जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सेंट्रल सुपरिंटेंडेंट एवं उड़न दस्ता टीम को सभी केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि JPSC राज्य की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा है, जिसे हर हाल में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (फ्रिस्किंग) के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा तथा मोबाइल, ब्लूटूथ जैसे डिजिटल उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।