आयुष्मान व अबुआ स्वास्थ्य कार्ड एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा

सरायकेला, 04 दिसंबर : वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत योजना, अबुआ स्वास्थ्य कार्ड निर्माण तथा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी प्रखंडों और स्वास्थ्य संस्थानों से प्राप्त अद्यतन प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन लाभुकों के राशन कार्ड में नाम या पता सुधार के कारण आयुष्मान कार्ड निर्गत नहीं हो पाए हैं, उनके e-KYC की प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कर कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार–प्रसार करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत नामांकन प्रशासन की प्राथमिकता है।
आयुष्मान एवं अबुआ स्वास्थ्य कार्ड निर्माण की प्रगति पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छूटे हुए लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने हेतु स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर कार्यान्वयन करने का निर्देश दिया। प्रखंडवार आयुष्मान कार्ड क्लेम स्टेटस की समीक्षा के दौरान लंबित दावों के समयबद्ध निपटान पर भी बल दिया गया।
उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं एवं निःशुल्क जांचों की जानकारी डिजिटल बोर्ड तथा सूचना पट्ट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी जांच या सेवा के लिए धनराशि की मांग की जाती है, तो नागरिक तुरंत निर्धारित शिकायत नंबर पर सूचना दें।



